दिग्विजय के ट्वीट पर मप्र विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही बाधित

भोपाल, 27 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में भारी हंगामा हुआ और अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।

सिंह ने ट्वीट के जरिये अपने दल के प्रभारी नेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन को सिंहस्थ कुंभ के आयोजन में हुए घोटाले के मुद्दे को विधानसभा में उठाने की सलाह दी थी।

गत 25 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘कांग्रेस विधायक दल को तत्काल सिंहस्थ के आयोजन में हुए भ्रष्टाचार को विधानसभा में पूरी मजबूती से उठाना चाहिए।’ इसके अलावा उन्होंने अपने ट्विटर पर एक प्रकाशित समाचार का शीर्षक भी पोस्ट किया था।

संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय के ट्वीट का मुद्दा सदन में उठाया और विधानसभाध्यक्ष सीतासरण शर्मा से व्यवस्था चाही। मिश्रा ने कहा कि यह विधायकों के विशेषाधिकार हनन का मामला है। सत्ता पक्ष की ओर से मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि यह अभिव्यक्ति की आजादी, सोचने की आजादी पर हमला है।

सत्ता पक्ष के मंत्रियों का कहना था कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन दलित समुदाय से हैं, लिहाजा उन्हें हटाने के लिए साजिश की जा रही है।

वहीं कांग्रेस की ओर से विधायक रामनिवास रावत, अजय सिंह आदि ने अपनी बात रखी। इस दौरान दोनों पक्षों के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हंगामा बढ़ने पर कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493