दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा सोमवार को पूरी होगी

भोपाल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा यात्रा का सोमवार को समापन होगा। नरसिंहपुर में नर्मदा नदी के तट बरमान घाट पर कई संत और कांग्रेस के नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस महासचिव ने इसी घाट से पिछले साल 30 सितंबर को विजया दशमी के दिन शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लेकर पदयात्रा शुरू की थी।

दिग्विजय ने पत्नी अमृता राय के साथ 190 दिन में 3300 किलोमीटर की पदयात्रा की। रोजाना 25 किलोमीटर चलकर वे मध्य प्रदेश के 120 विधानसभा क्षेत्रों में गए। नर्मदा परिक्रमा के क्रम में वे गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ भी गए। नर्मदा परिक्रमा पूरी होने पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने उन्हें पत्र भेजकर बधाई दी है।

कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह परिहार और पूर्व विधायक सुनील जायसवाल ने रविवार को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय और उनकी पत्नी की नर्मदा परिक्रमा यात्रा के समापन मौके पर धार्मिक अनुष्ठान होगा। नर्मदा नदी के पूजन के बाद भंडारा भी होगा।

राजनीति के जानकार दिग्विजय की नर्मदा परिक्रमा यात्रा के समापन कार्यक्रम को उनके शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देख रहे हैं, क्योंकि करेली रेलवे स्टेशन के अलावा जबलपुर स्टेशन पर आने वाले लोगों को बरमान तक पहुंचने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493