नई दिल्ली/चेन्नई, 29 मार्च (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने तमिलनाडु में टी.टी.वी. दिनाकरण के अम्मा मक्काल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) के उम्मीदवारों को एक चुनाव चिह्न् के रूप में ‘गिफ्ट पैक’ आवंटित किया है।
एक ट्वीट कर दिनाकरण ने चुनाव आयोग को उसके सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न् मुहैया कराने पर शुक्रिया अदा किया है। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए एएमएमके के कुल 59 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
एएमएमके नेता थांगा तमिल सेल्वन ने आईएएनएस से कहा, ” लोग एएमएमके को आवंटित किए जाने वाले चुनाव चिह्न् की प्रतीक्षा कर रहे थे। आज सुबह चुनाव आयोग ने ‘गिफ्ट पैक’ चुनाव चिह्न् की घोषणा की।”
सेल्वन ने कहा, “लोगों तक चुनाव चिह्न् को पहुंचाना मुश्किल नहीं है। हम प्रेशर कूकर चुनाव चिह्न् किसी स्वतंत्र उम्मीदवार को दिए जाने पर भी व्यग्र नहीं होंगे।”
इससे पहले सर्वोच्च न्यायालय ने ‘प्रेशर कुकर’ चुनाव चिह्न् पर एएमएमके के दावे को खारिज कर दिया था। दिनाकरण पिछले वर्ष आर.के.नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में इसी चिह्न् पर विजयी हुए थे।
दिनाकरण और वी.के. शशिकला को अन्नाद्रमुक से बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद दीनाकरण ने इस पार्टी का गठन किया था। पार्टी तमिलनाडु और पुडुचेरी से चुनाव लड़ेगी।
चुनाव आयोग ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलनीस्वामी के समूह को वास्तविक अन्ना द्रमुक माना था और उसे दो पत्तियों वाले चुनाव चिह्न् अपने पास रखने की इजाजत दी थी।
dharmpath.com dharmpath