दिनेश त्रिवेदी को तृणमूल छोड़कर कांग्रेस में आने का न्योता

कोलकाता, 2 मई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस सांसद और पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी के इस बयान के दो दिन के बाद कि उनकी पार्टी में ईमानदारी को सजा मिल रही है और बेईमानी को पुरस्कृत किया जा रहा है, पश्चिम बंगाल की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधुरी ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है।

चौधुरी ने सोमवार को कहा, “दिनेश त्रिवेदी को हमारा प्रस्ताव है कि वह बेईमानी को पुरस्कृत करने वाली तृणमूल को छोड़कर कांग्रेस में आ जाएं। त्रिवेदी बुनियादी तौर पर कांग्रेस की ही उपज हैं और हममें से कइयों से ज्यादा कांग्रेसी हैं।”

त्रिवेदी ने नारद स्टिंग ऑपरेशन मामले में अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ मुखर होते हुए शनिवार को अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा था।

तृणमूल विधानसभा चुनाव अभियान से खुद को दूर रखे जाने का कारण बताते हुए त्रिवेदी ने कहा था, “अगर ईमानदारी को सजा मिलती है और बेईमानी को पुरस्कृत किया जाता है तो यह दुखद है।”

त्रिवेदी ने कहा, “लेकिन, मुझे कोई अफसोस नहीं है। मेरे दिमाग में कोई भ्रम नहीं हैं। देश महत्वपूर्ण है, पार्टियां आती-जाती रहती हैं।”

स्टिंग ऑपरेशन सार्वजनिक होने के बाद त्रिवेदी ने इसमें दिखाए लोगों को निर्दोष साबित होने तक घर बैठने की सलाह देकर तूफान खड़ा कर दिया था।

उन्होंने कहा था, “जिन्हें स्टिंग ऑपरेशन में पैसे लेते दिखाया गया है, उन्हें निर्दोष साबित होने तक घर में बैठ जाना चाहिए।”

इस बीच, तृणमूल ने त्रिवेदी को दिए गए कांग्रेस के न्योते को उनका व्यक्तिगत मामला बताया है।

तृणमूल के लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी ने कहा, “यह उनका व्यक्तिगत मामला है। मैं इस पर कुछ कहने वाला कौन होता हूं। उन्होंने (चौधुरी ने) प्रस्ताव भेजा है और अगर वह (त्रिवेदी) उसे स्वीकार करते हैं, तो यह उनके बीच की बात है।”

उन्होंने कहा, “यह पार्टी से संबंधित मामला नहीं है, यह उनका व्यक्तिगत मामला है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493