दिल्ली : अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर पुलिसकर्मी समेत दो की मौत

नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली में आर. के. खन्ना स्टेडियम के पास चेक प्वाइंट पर अनियंत्रित ट्रक ने गुरुवार को एक पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की जान ले ली। हादसे में दो लोग घायल हो गए। यह घटना रात करीब एक बजे की है।

ट्रक नारायना की तरफ जा रहा था। अनियंत्रित होने के बाद ट्रक ने सबसे पहले एक वैगन आर में टक्कर मारी। फिर, एक इको कार को टक्कर मारी। इको के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद ट्रक बैरीकेड से जा टकराया जहां ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नूपुर भारद्वाज ने आईएएनएस को बताया कि कांस्टेबल दीपक और एक अन्य व्यक्ति संतोष बारो की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि दोनों घायलों की पहचान अस्पर और के. एस. सुरा के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इतने भीषण हादसे के बाद भी ड्राइवर ट्रक को लेकर भागा। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ा।

नूपुर भारद्वाज ने बताया कि चालक भागने में कामयाब रहा। क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (सार्वजनिक रास्ते पर अनियंत्रित ड्राइविंग) और 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493