दिल्ली : एमसीडी चुनाव से पहले आप विधायक भाजपा में शामिल (लीड-1)

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक वेद प्रकाश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

बवाना से आप विधायक वेद प्रकाश सोमवार को भाजपा में शामिल हुए। इसे आप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। यहां नगर निगम चुनाव 23 अप्रैल को होने वाले हैं।

वेद प्रकाश ने आरोप लगाया कि आप में लोकतंत्र नहीं रह गया है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 2015 में विधानसभा चुनाव जीतने से पहले जो वादे किए थे, उन्हें पूरे नहीं कर रहे।

प्रकाश ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। इस दौरान दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी भी मौजूद थे।

प्रकाश ने कहा, “मैं आप से इसलिए इस्तीफा दे रहा हूं, क्योंकि यह 2015 के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही। लोगों को लग रहा है कि उनके साथ धोखा हुआ।”

बाद में प्रकाश ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।

उत्तर, पूर्व व दक्षिण दिल्ली नगर निगमों के 272 वार्डो के लिए वोट 23 अप्रैल को डाले जाएंगे, जिसके परिणाम 26 अप्रैल को घोषित होंगे।

प्रकाश ने कहा कि आप में उनका ‘दम घुट’ रहा था।

उन्होंने कहा, “सरकार भ्रष्टाचार के मोर्चे पर विफल रही। कई सरकारी विभागों में अब भी भ्रष्टाचार है।”

प्रकाश ने यह भी कहा कि आप में 30-35 विधायक पार्टी नेतृत्व से खुश नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “पार्टी का जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव नहीं रह गया है। वे नहीं जानते कि जमीनी स्तर पर क्या हो रहा है।”

वहीं, आप के राष्ट्रीय महासचिव पंकज गुप्ता ने केवल इतना कहा कि फिलहाल कहना मुश्किल है कि प्रकाश ने पार्टी क्यों छोड़ी। उन्होंने कहा, “आप के वरिष्ठ नेता इस पर विचार करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493