मुंबई, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की प्रियदर्शिनी चटर्जी ने एफबीबी फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2016 के खिताब पर कब्जा जमा लिया है। यहां एक भव्य समारोह में सुपरस्टार शाहरुख खान ने प्रियदर्शिनी को विजेता घोषित किया।
आयोजनकर्ताओं के बयान के मुताबिक, शनिवार शाम आयोजित समारोह में बेंगलुरू की सुश्रुति कृष्णा और लखनऊ की पंखुड़ी गिडवानी ने प्रथम और द्वितीय रनर अप का खिताब हासिल किया।
निर्णायक मंडल में संजय दत्त, यामी गौतम, मनीष मल्होत्रा, अर्जुन कपूर, कबीर खान, एमी जैकसन, सानिया मिर्जा और एकता कपूर जैसे फैशन और फिल्म जगत से जुड़े लोग शामिल थे।
शो की मेजबानी फिल्मकार करन जौहर और अभिनेता मनीष पॉल ने की थी।
अंतिम दौर में जाने वाले प्रतियोगियों का चयन कौशल, बुद्धिमत्ता जैसे कई पैमानों पर किया गया।
अभिनेता वरुण धवन ने समारोह में अपनी नृत्य प्रस्तुति दी। उनके अलावा अभिनेता शाहिद कपूर, टाइगर श्रॉफ और अभिनेत्री जैकेलिन फर्नांडिस ने भी मशहूर गीतों पर नृत्य प्रस्तुति दी।
डिजाइनर अंजू मोदी के भारतीय कॉट्योर संग्रह में सजी 21 अंतिम विजेता मंच पर पहुंचीं।
अंतिम विजेताओं ने फाल्गुनी और शेन पिकॉक द्वारा डिजाइन किए गए गाउन्स में भी रैंप पर जलवा बिखेरा।
dharmpath.com dharmpath