दिल्ली के मंत्री ने मोदी पर की गई टिप्पणी का बचाव किया

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को अपनी उस टिप्पणी का बचाव किया, जिसमें उन्होंने आश्चर्य जताते हुए सवाल किया था कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट हैं?

मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, “देश का हर बच्चा यही सवाल कर रहा है। मैं मंगलवार को की गई अपनी टिप्पणी पर कायम हूं। मुझे मोदी के एजेंडा पर निश्चित रूप से संदेह है।”

मिश्रा ने मंगलवार को ट्वीट किया था, “क्या हमलोगों के पास अब प्रधानमंत्री के रूप में एक आईएसआई एजेंट है? प्रधानमंत्री जिस तरह से भारत विरोधी ताकतों के समक्ष आत्मसमर्पण कर रहे हैं, यह बहुत गंभीर बात है।”

मिश्रा की टिप्पणी मोदी सरकार द्वारा पंजाब के पठानकोट स्थित भारतीय वायुसेना के अड्डे पर जनवरी में हुए आतंकवादी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी दल को भारत दौरे की अनुमति देने को लेकर थी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी टीम को भारत दौरे की अनुमति देने के लिए मोदी से राष्ट्र से माफी मांगने को कहा था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता संबित पात्रा और भाजपा के अन्य नेताओं ने मिश्रा पर उनकी टिप्पणी को लेकर हमला बोला था।

भाजपा की दिल्ली इकाई के नेता प्रवीण शंकर कपूर ने बुधवार को मिश्रा पर ‘घटिया राजनीति’ में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने आईएएनएस से कहा, ‘उन्हें अंतर्राष्ट्रीय राजनीति की कोई समझ नहीं है।’

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493