नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की जनमत संग्रह की मांग असंवैधानिक तथा राजनीतिक हथकंडा है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रस्तावित दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने संबंधी जनमत संग्रह न सिर्फ असंवैधानिक है, बल्कि यह राष्ट्र विरोधी भी है। यह राजनीतिक हथकंडे के अलावा कुछ नहीं है।”
शर्मिष्ठा ने कहा कि आप प्रमुख केजरीवाल ने केंद्र सरकार से टकराव पैदा करने के लिए कई मुद्दे उठाए हैं।
उन्होंने कहा, “केजरीवाल ने केंद्र से टकराव और अपनी असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए जानबूझ कर यह मुद्दा उठाया है।”
मुखर्जी ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के खिलाफ नहीं है, लेकिन यह भारतीय संविधान के तहत होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “इसमें कोई शक नहीं है कि यह दिल्ली को और शक्तियां प्रदान करेगा, लेकिन इसमें और संसाधन खर्च होंगे। मौजूदा समय में दिल्ली पुलिस, इसके विश्वविद्यालय और मेट्रो का ख्याल केंद्र सरकार रखती है। हम पूर्ण राज्य के दर्जे के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन यह सुसंगत तथा संविधान के अनुरूप होना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath