नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पीएचडी कर रही एक जर्मन महिला को देखकर सार्वजनिक तौर पर हस्तमैथुन करने वाले 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त रोमिल बनिया ने कहा कि पीड़ित महिला द्वारा खींची गई आरोपी की कार की तस्वीर से आरोपी को पकड़ने में कामयाबी मिली।
अधिकारी ने कहा कि घटना गुरुवार को घटी और आरोपी तरुण को शुक्रवार शाम हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया गया।
गुरुवार दोपहर महिला ग्रेटर कैलाश-2 इलाके में अपने कुत्ते को घुमाने निकली थी।
बनिया ने कहा, “उसने गौर किया कि एक व्यक्ति उसे बेहद विचित्र ढंग से देख रहा है, उसके बाद उसने अपना पैंट नीचे किया और उसे देखते हुए हस्तमैथुन करना शुरू कर दिया।”
पुलिस ने कहा कि जैसे ही महिला ने चिल्लाना शुरू किया, व्यक्ति अपनी कार में सवार होकर भाग निकला, लेकिन तब तक महिला ने उसकी कार की तस्वीर खींच ली थी।
अधिकारी ने कहा कि गाड़ी के नंबर से आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका।
बनिया ने कहा, “उसने वाहन की तस्वीर खींचकर अपनी बुद्धिमत्ता का परिचय दिया, जिससे मामले को सुलझाने में मदद मिली। हमें ऐसी और लड़कियों की जरूरत है, जो यह जानती हों कि उन्हें अपनी सुरक्षा किस प्रकार करनी है।”
dharmpath.com dharmpath