दिल्ली टेस्ट : अमला का संयम टूटा, एबी और प्लेसिस का संघर्ष जारी

नई दिल्ली, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। रवींद्र जडेजा ने कप्तान हाशिम अमला को आउट करके दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया है। मेहमान टीम ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के पांचवें दिन सोमवार को भोजनकाल तक 481 रनों से लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट पर 94 रन बना लिए हैं।

अमला और अब्राहम डिविलियर्स रविवार को मैराथन पारियां खेलने के बाद क्रमश: 23 और 11 रनों पर नाबाद लौटे थे। दक्षिण अफ्रीका ने स्टम्प्स तक 72 ओवरों में 72 रन बनाए थे। भोजनकाल तक मेहमान टीम 107 ओवरों का सामना कर चुकी है।

मेहमान टीम लक्ष्य से 387 रन दूर है और उसे मैच ड्रॉ कराने के लिए 55 ओवरों का सामना करना है।

पहले सत्र में दोनों का खेल देखकर लगा कि भारत के लिए इनका संयम तोड़ पाना नामुमकिन है लेकिन जडेजा ने अमला को एक सीधी गेंद पर बोल्ड करके साथियों और दर्शकों में जोश भर दिया।

चौथे दिन का उबाऊ खेल देखने के बाद पांचवें दिन सुबह के सत्र में बहुत कम दर्शक पहुंचे। अमला ने अपनी 244 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए।

अमला और भोजनकाल से ठीक पहले दो बार उमेश यादव की गेंदों को अपने ग्ल्व्स पर झेलने वाले डिविलियर्स ने तीसरे विकेट के लिए 42.1 ओवरों में 27 रन जोड़े।

भोजनकाल तक डिविलियर्स 203 गेंदों का सामना कर 26 रनों पर नाबाद हैं जबकि फाफ दू प्लेसिस 61 गेंदों का सामना कर दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों ने 22.1 ओवरों की साझेदारी में 18 रन जोड़े हैं। प्लेसिस ने तो 53वीं गेंद पर पहला रन लिया।

जडेजा अब तक 35 ओवरों की गेंदबाजी कर चुके हैं और 28 मेडन डाले हैं। जडेजा ने 10 रन देकर एक विकेट लिया है। वह अब तक लगातार 16 मेडन डाल चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493