दिल्ली डायनमोज यूथ लीग की शुरुआत का ऐलान

नई दिल्ली, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फ्रेंचाइजी दिल्ली डायनामोज ने बुधवार को दिल्ली की सबसे पुरानी फुटबाल लीग में से एक दिल्ली यूथ लीग के साथ मिलकर दिल्ली डायनामोज यूथ लीग की शुरुआत की घोषणा की।

क्लब का मकसद खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और उत्तर भारत में फुटबाल को लोकप्रिय बनाना है। इसी मकसद से डायनमोज ने दिल्ली यूथ लीग को साथ जोड़ते हुए लीग के 2016 संस्करण की घोषणा की है।

यूथ लीग का आयोजन दो अक्टूबर से 14 मई 2017 तक किया जाएगा जिसमें राजधानी की प्रमुख अकादमी और स्कूलों की कुल 70 टीमें हिस्सा लेंगी। यह टीमें अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 श्रेणी में आमने-सामने होंगी।

इस लीग में बाइचुंग भूटिया फुटबाल स्कूल, दिल्ली डायनमोज परफॉर्मेंस सेंटर, हिंदुस्तान एफसी, दिल्ली युनाइटेड एफसी, द ब्रिटिश स्कूल, इंपैक्ट स्पोर्ट्स अकादमी, माई एंजेल्स अकादमी, कुटुम्ब फाउंडेशन, रॉयल बंगाल फुटबाल क्लब जैसी टीमें हिस्सा लेंगी।

डायनामोज के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा, “दिल्ली डायनामोज यूथ लीग युवाओं के लिए होने वाली अपनी तरह की पहली फुटबाल प्रतियोगिता है, जिसे दिल्ली डायनामोज फुटबाल क्लब ने दिल्ली यूथ लीग के साथ मिलकर आयोजित करने का फैसला किया है। हमारे अन्य प्रयासों की ही तरह इस कदम का उद्देश्य भी स्पष्ट है, हम उत्तर भारत में फुटबाल को बुनियादी स्तर पर लोकप्रिय और मजबूत बनाना चाहते हैं।”

दिल्ली डायनामोज यूथ लीग के चेयरमैन पॉल शूटेनबेल्ट ने कहा, “हम दिल्ली डायनामोज एफसी के शुक्रगुजार हैं। उन्होंने फुटबाल को बुनियादी स्तर पर विकसित करने की हमारी कोशिशों का समर्थन किया है। बतौर क्लब हमारी सोच एक जैसी है और इस साझेदारी से हम लीग को नई ऊंचाई तक लेकर जाएंगे। हमें पहले भी काफी सफलता मिली थी और दिल्ली डायनामोज एफसी का साथ मिलने के बाद हमें यकीन है कि हम क्षेत्र के युवाओं को फुटबाल से जोड़ पाएंगे और खेल की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मिलकर योगदान देंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493