नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम दिल्ली डायनामोज ने गुरुवार को अर्जेटीना के जुआन लियोनाडरे वोग्लियोट्टी के साथ करार किया है। वह क्लब के तीसरे अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
32 साल के वोग्लियोट्टी इससे पहले पेरू के क्लब स्पोर्ट्स ब्वॉयज के लिए खेलते थे। पेरू के क्लब के लिए उन्होंने 21 गोल किए थे।
डायनामोज ने इससे पहले उरुग्वे के मिडफील्डर मातियास मीरबाजे और ब्राजील के पाउलिंहो डाएस के साथ करार किया था।
क्लब के साथ जुड़ने पर वोग्लियोट्टी ने कहा, “दिल्ली डायनामोज के साथ मैं नई चुनौती के लिए तैयार हूं। भारत में नया सफर शुरू करना मेरे लिए अच्छा होगा। मैं क्लब के लिए ज्यादा से ज्यादा गोल करने की कोशिश करूंगा। उम्मीद है कि हम आईएसएल जीत सकेंगे।”
नए विदेशी खिलाड़ी के साथ अनुबंध पर क्लब के निदेशक रोहन शर्मा ने कहा, “जुआन वोग्लियोट्टी के साथ किया गया करार मेरे विचार में हमारे अभी तक के सबसे बड़े अनुबंधों में से एक है। आईएसएल में वह किसी भी रक्षापंक्ति के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath