नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली में स्थित डीयर पार्क में सोमवार को बर्ड फ्लू के कारण छह और पक्षियों की मौत हो गई। दिल्ली के पशुपालन मंत्री गोपाल राय ने यह जानकारी दी।
इसके साथ ही डीयर पार्क में अब तक मृत पक्षियों की संख्या 64 हो गई।
हालांकि राय का कहना है कि डीयर पार्क में चलाए जा रहे एंटी-वायरस कार्यक्रम का असर दिखने लगा है और सोमवार को सिर्फ दो पक्षियों के मरने की पुष्टि हुई है।
शनिवार को डीयर पार्क में 17 पक्षियों की मौत हुई, जबकि रविवार को 10 पक्षी मृत पाए गए।
राय ने कहा कि सोमवार को चार अन्य पक्षी राजघाट के नजदीक शक्ति स्थल के पीछे झील में मृत पाए गए।
राय ने कहा, “हमने झील और आस-पास के इलाकों पर नजर बनाई हुई है। लेकिन चूंकि पक्षियों की मौत की खबर अन्य जगहों से भी आई है, तो हमें निगरानी बढ़ानी पड़ेगी।”
राय ने दिल्ली वासियों के लिए विस्तृत स्वास्थ्य निर्देशिका जारी की है, जिसमें क्या करें और क्या न करें बताया गया है।
निर्देश में आधे उबले अंडे और मांस खाने से बचने की सलाह भी दी गई है।
राय ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में समन्वय समिति की बैठक बुलाई जिसमें एच5एन8 वायरस के फैलने की जांच के लिए आगे की कार्रवाई पर चर्चा की गई।
उन्होंने सभी सरकारी विभागों को हर तरह के जलाशयों के इर्द-गिर्द चूना छिड़कने के लिए भी कहा है।
इसके अलावा ऐसे सभी जलाशयों के चारों ओर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव करने के लिए भी कहा गया है, जहां पक्षी पानी पीते आते हों।
dharmpath.com dharmpath