नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियों की चर्चा करते हुए सोमवार को कहा कि दिल्ली में 100 से अधिक मोहल्ला क्लीनिक बन चुके हैं और अगले छह महीने में यह संख्या 1,000 हो जाएगी।
दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत करते हुए सोमवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बीते दो वर्षो के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की मोहल्ला क्लीनिक से लेकर नए स्कूलों के निर्माण की उपलब्धियों की चर्चा की।
बीते साल दिसंबर में दिल्ली का उपराज्यपाल बनने के बाद बैजल का विधानसभा को यह पहला संबोधन था।
मुख्य रूप से स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बैजल ने कहा कि उनकी सरकार ने स्कूलों में 8,000 नई कक्षाओं व 20 नए स्कूलों का निर्माण कार्य शुरू किया था, जिनमें से 14 स्कूलों का निर्माण पूरा हो चुका है।
मोहल्ला क्लीनिक पहल के बारे में उन्होंने कहा कि 100 मोहल्ला क्लीनिक बन चुके हैं और अगले छह माह में इसकी संख्या बढ़कर 1,000 हो जाएगी। इन क्लिनिक में लोगों को डॉक्टर व जांच की सेवा मुफ्त मिलती है, साथ ही दवाएं भी मुफ्त में मिलती हैं।
बैजल ने कहा कि मोहल्ला क्लीनिकों की विदेशों में भी चर्चा हुई है और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान भी इसकी प्रशंसा कर चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले एक साल में 122 पॉली क्लीनिक का काम भी पूरा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली के निवासियों के लिए एमआरआई, सीटी तथा पैट स्कैन की सुविधा मुफ्त कर दी है।
बैजल ने कहा, “मेरी सरकार का ध्यान अपने नागरिकों को सस्ती स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने का है।”
उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में जल्द ही 10,000 अतिरिक्त बिस्तर लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “दिल्ली के लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में सुधार के लिए उनकी सरकार संपूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।”
अपने 25 मिनट के भाषण के दौरान उप राज्यपाल ने शहर के मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी की भी चर्चा की।
पिछले सप्ताह, बैजल ने केजरीवाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के न्यूनतम मजदूरी को 37 फीसदी तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
उच्च शिक्षा पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अंबेडकर विश्वविद्यालय के लिए नए परिसरों का निर्माण पश्चिमोत्तर दिल्ली रोहिणी और उत्तरी दिल्ली के धीरपुर में शुरू हो चुका है।
कौशल विकास के लिए दिल्ली सरकार पांच नए पॉलिटेक्निक की स्थापना करेगी।
बैजल ने सरकार के ‘रीडिंग कैंपेन’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से पढ़ाई नहीं करने वाले एक लाख बच्चों को पढ़ाई में लगाया गया।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने निजी स्कूलों द्वारा मनमाने तरीके से फीस बढ़ोतरी पर भी रोक लगाई।
दिल्ली जल बोर्ड के बारे में चर्चा करते हुए बैजल ने कहा कि 1,175 अनधिकृत कॉलोनियों में पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक परिवार को हर महीने 20,000 लीटर पानी मुफ्त में मुहैया करा रही है।
बैजल ने कहा कि सरकार ने दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण को मंजूरी दे दी है, जो साल 2021 में पूरा हो जाएगा।
उन्होंने कहा, “तीसरे चरण से दिल्ली मेट्रो का संचालित नेटवर्क 179 किलोमीटर से 330 किलोमीटर हो जाएगा।”
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च को खत्म होगा, जिसके एक महीने बाद नगर निगम का चुनाव होगा, जिसमें आप, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच मुकाबला होगा।
dharmpath.com dharmpath