दिल्ली निगम हड़ताल में जंग करें हस्तक्षेप : आप

नई दिल्ली, 5 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को उप राज्यपाल नजीब जंग से अनुरोध किया कि वह भाजपा शासित दिल्ली के तीनों नगर निगमों के कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने को कहें, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी की जनता परेशान हो रहे हैं।

उप राज्यपाल से मिलने पहुंचे शिष्टमंडल में आप विधायक अलका लांबा, विशेष रवि, नितिन त्यागी, करतार सिंह तंवर और अनिल वाजपेयी शामिल थे। शिष्टमंडल ने जंग को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें निगमों से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।

पार्टी नेता सोमनाथ भारती ने कहा, “हमने उप राज्यपाल को ज्ञापन दिया है, जिसमें वे सभी मुद्दे संक्षेप में लिखे हुए हैं जो उनके समक्ष उठाए गए।”

ज्ञापन में कहा गया है कि दिल्ली सरकार नगर निगमों को सभी बकाया राशि पहले ही दे चुकी है, लेकिन तीनों निगमों के प्रशासन ने कर्मचारियों के वेतन के लिए दिए गए पैसे दूसरे मदों में खर्च कर राशि का दुरुपयोग किया है और वेतन से वंचित रख कर्मचारियों को हड़ताल के लिए विवश किया है।

यह भी कहा गया है कि तीनों निगमों का केंद्र सरकार की देखरेख में चलने वाले दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के पास 1,555 करोड़ रुपये बकाया है। डीडीए अगर बकाये का भुगतान कर दे तो ज्यादातर कर्मचारियों के वतन की समस्या हल हो जाएगी।

भारती ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि जंग समस्या हल करने के लिए निगमों के महापौर से बात करेंगे। हमें उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार है। हमें भरोसा है कि वह कोई कदम जरूर उठाएंगे।”

पूर्वी, उत्तरी व दक्षिणी दिल्ली नगर निगमों के कर्मचारी कई महीनों से वतन न मिलने के कारण पिछले 10 दिनों से हड़ताल पर हैं। वे दिल्ली और केंद्र सरकार, दोनों के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं। हड़ताल की वजह से निगमों द्वारा संचालित स्कूलों और अस्पतालों में कामकाज ठप है। राष्ट्रीय राजधानी में ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की धज्जियां उड़ रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493