नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्य सचिव के.के. शर्मा 10 दिनों के अवकाश के बाद काम पर लौट आए हैं। उन्होंने सोमवार से पुन: कार्यभार संभाल लिया है। एक सरकारी अधिकारी ने यहां पर यह जानकारी दी।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने आईएएनएस से कहा, “के.के. शर्मा आज से काम पर लौट आए हैं।”
शर्मा के अवकाश पर जाने के बाद दिल्ली में सचिव और अन्य अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-राज्यपाल के बीच राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था।
यह विवाद 15 मई को वरिष्ठ नौकरशाह शकुंतला गैमलिन की कार्यवाहक मुख्य सचिव के रूप में तैनाती करने पर शुरू हुआ था। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि गैमलिन बिजली वितरण कंपनियों के लिए लॉबिंग करती थीं।
विवाद इतना बढ़ गया कि पिछले सप्ताह प्रमुख सचिव (सेवा) अनिंदो मजूमदार के दिल्ली सचिवालय स्थित दफ्तर पर ताला लगा दिया गया।
अनिंदो मजुमदार वही अधिकारी हैं जिन्होंने गैमलिन को कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त करने के उप-राज्यपाल के फैसले को लागू किया था। बताया जाता है कि इसीलिए केजरीवाल के कहने पर उनके दफ्तर पर ताला लगा दिया गया था।
नौकरशाहों की नियुक्ति और उनकी तैनाती को लेकर शुरू हुए इस विवाद पर गृह मंत्रालय ने भी एक अधिसूचना जारी की। इस अधिसूचना में केंद्र ने उप-राज्यपाल के अधिकारों का उल्लेख किया था।
अधिसूचना में केंद्र ने कहा कि नौकरशाहों की तैनाती और तबादले का अधिकार उप-राज्यपाल के पास है।
dharmpath.com dharmpath