दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय भगोड़ा गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या की कोशिश के आरोपी अंतर्राष्ट्रीय भगोड़े रमिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। रमिंदर पर वर्ष 2012 में स्कॉटलैंड में दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म करके उनकी हत्या का प्रयास करने का आरोप है।

संयुक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) रवींद्र यादव ने आईएएनएस को बताया, “रमिंदर सिंह को कल (रविवार) दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। वह चंडीगढ़ में फर्जी पहचान के साथ रह रहा था।”

एक गुप्त सूचना पर पुलिस ने रमिंदर सिंह (28) को पश्चिमी दिल्ली के अलीपुर से गिरफ्तार किया। पंजाब से वह अपने लिए एक फर्जी पासपोर्ट खरीदने के लिए किसी परिचित के पास यहां आया हुआ था।

रमिंदर सिंह पर एडिनबर्ग में 23 वर्षीय एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दुष्कर्म का प्रयास करने तथा स्कॉटलैंड में 22 जुलाई, 2012 को एक अन्य 27 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने का आरोप है।

घटना के तत्काल बाद 23 जुलाई, 2012 को वह एक विमान से ग्लासगो से दुबई होते हुए नई दिल्ली भाग आया था। नई दिल्ली पहुंचने के बाद वह भूमिगत हो गया था।

लापता होने के दिन ही इंटरपोल द्वारा एक रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया और ब्रिटिश अधिकारियों ने भारत सरकार से उसके प्रत्यर्पण की मांग की।

पुलिस को यहां सूचना मिली कि रमिंदर सिंह दिल्ली, पंजाब व चंडीगढ़ में अपना ठिकाना नियमित तौर पर बदल रहा है।

उसने अपना नाम बदलकर जसदीप सिंह बाजवा रख लिया। उसने जालंधर में नूर महल नामक एक रेस्तरां भी खोला था।

रमिंदर का जन्म चंडीगढ़ में हुआ था और हॉस्पिटेलिटी में डिप्लोमा लेने के लिए वह साल 2009 में ब्रिटेन चला गया था। अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद एडिनबर्ग में उसने एक बाउंसर के रूप में काम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493