नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के उत्तमनगर इलाके में सोमवार को एक घर की छत गिर गई, जिसमें दबकर एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में मंजू (40) और उसके दो बच्चे दक्ष (4) तथा तनु (2) शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि दमकल विभाग को मोहन कॉलेनी से तड़के 2.46 बजे इमारत ढहने की सूचना आई थी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) पुष्पेंद्र कुमार ने आईएएनएस को बताया, “पहली मंजिल की छत का हिस्सा ढह गया, जिसमें वे रह रहे थे।”
अधिकारी ने कहा कि इमारत में कोई भी निर्माण कार्य नहीं चल रहा था।
उन्होंने बताया, “इमारत पुरानी और जर्जर हालत में थी, जिसकी वजह से यह ढह गई।”
पुलिस ने बताया कि महिला के पति को इस घटना में मामूली चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
dharmpath.com dharmpath