नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक ऑटो रिक्शा की टक्कर से एक 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
यह दुर्घटना सुबह पांच बजे सुभाष नगर क्षेत्र में हुई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) पुष्पेंद्र कुमार ने आईएएनएस को बताया, “मृतक की पहचान मतबूल के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। पीछे से आ रहे एक ऑटो रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी थी।”
बताया जाता है कि घटना के बाद पुलिस को सूचित किए जाने तक मतबूल लगभग एक घंटे तक सड़क पर पड़े रहे। जबकि घटनास्थल से सरकारी अस्पताल महज 500 मीटर की दूरी पर था।
अधिकारी ने बताया, “मतबूल को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हम रिक्शा चालक की तलाश कर रहे हैं, जिसकी तस्वीर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है।”
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि चालक दुर्घटना के बाद रिक्शा से बाहक निकलकर देखता है कि उसके वाहन को कोई क्षति तो नहीं हुई है। इसके बाद जमीन पर पड़े दुर्घटना के शिकार व्यक्ति की अनदेखी कर भाग जाता है।
पुलिस ने कहा कि मतबूल ई-रिक्शा चालक थे और रात में वह सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे।
वह पश्चिमी दिल्ली के तिहार गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे।
dharmpath.com dharmpath