नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में मामूली विवाद को लेकर हुई बहस में कुछ लोगों ने 41 वर्षीय एक दंत चिकित्सक पीट-पीट कर हत्या कर दी।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में बुधवार देर रात 12.30 बजे के आसपास हुई।
पुलिस ने बताया कि दंत चिकित्सक की पहचान पंकज नारंग के रूप में की गई है। उन्हें घर से खींचकर 10 से अधिक लोगों ने डंडों और ईंटों से पीट-पीट कर मार डाला।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमने इस मामले में शामिल चार लोगों और चार किशोरों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी विकासपुरी की झुग्गी-बस्ती के रहने वाले हैं। उन्हें गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने पाया कि बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 विश्व कप क्रिकेट मैच में भारत की जीत के बाद नारंग के बेटे उनके साथ घर की बालकनी में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी बीच गेंद एक मोटरसाइकिल सवार राहगीर को जा लगी, जिससे उनके बीच बहस शुरू हो गई।
इसके बाद मोटरसाइकिल सवार ने अपने दोस्तों को बुलाया और दंत चिकित्सक को घर से घसीट कर डंडों और ईंटों से बुरी तरह पीटा।
चिकित्सक के एक रिश्तेदार ने कथित तौर पर इसमें हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन उस पर भी हमला कर दिया गया। इससे पहले कि पुलिस वहां पहुंच पाती, हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए।
dharmpath.com dharmpath