मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अनुपम खेर, शेखर कपूर और दीया मिर्जा सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने राष्ट्रीय राजधानी की हवा में कई दिनों से धूल, धुआं और धुंध के कॉकटेल ‘स्मॉग’ की दमघोंटू परत कायम रहने पर चिंता जाहिर की है।
दिल्ली में शनिवार को मौसम का सबसे खराब वायु प्रदूषण दिखा। प्रदूषण के उच्च स्तर ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। कई स्थानों पर 17 से ज्यादा बार हवा की गुणवत्ता से सबंधित सुरक्षा सीमा का उल्लंघन हुआ।
हस्तियों की प्रतिक्रियाएं :
शेखर कपूर : रात में अनंत आकाशगंगा को निहारते हुए खुली हवा में सोना और इंडिया गेट पर जामुन के पेड़ को हिलाकर उसका फल चखना..कभी ऐसी थी दिल्ली। दिल्ली में अब दम घुटता है।
अनुपम खेर : यह दिल्ली में धुंध की एक तस्वीर है। सुबह 11.41 बजे आसमान इससे भरा हुआ है। आंखों में जलन हो रही है। यहां रहने वाले लोगों के लिए घातक और खतरनाक है। तुरंत ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
अशोक पंडित : अगर भारत की राजधानी दमा से पीड़ित और बेदम है तो फिर देश का स्वास्थ्य अंधकारमय है। दिल्ली में दम घुटता है।
अभिषेक कपूर : दिल्ली की धुंध पर फौरन ध्यान दिए जाने की जरूरत है, यह देखना भयावह है कि हमने अपने लिए क्या मोल लिया है।
दीया मिर्जा : सरकारों को दोष देना बंद कीजिए। समाधान का हिस्सा बनिए। चाहिए नागरिक की भागीदारी। दिल्ली की धुंध। दमघोंटू दिल्ली। सांस लेना मेरा अधिकार है।
रघु राम : सचमुच, दिल्ली की हवा खराब है। जल्द से जल्द बेहतर होने की उम्मीद करता हूं। दिल्ली दमघोंटू है।
सोफी चौधरी : स्वच्छ हवा में सांस लेने के अपने अधिकार के लिए लड़िए। सांस लेना मेरा अधिकार है।
dharmpath.com dharmpath