दिल्ली में निगम कर्मियों का विरोध प्रदर्शन जारी

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। वेतन न मिलने के विरोध में दिल्ली सरकार के खिलाफ तीन नगर निगमों के कर्मचारियों द्वारा शुरू किया गया विरोध प्रदर्शन सोमवार को लगातार छठे दिन भी जारी है।

निगम कर्मियों में केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ खासा आक्रोश देखा जा रहा है।

नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारियों ने पूर्वी दिल्ली में दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के यमुना विहार निवास के बाहर कूड़ा फेंककर प्रदर्शन किया।

मजदूर विकास संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष संजय गहलोत ने आईएएनएस को बताया, “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम इसी तरह सड़कों पर कूड़ा फेंकना जारी रखेंगे।”

गहलोत ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं द्वारा फैलाए कचरे को साफ न करने की चेतावनी देते हुए कहा, “हम सरकार को शहर के किसी भी हिस्से में स्वच्छता अभियान नहीं चलाने देंगे।”

प्रदर्शनकारियों ने इससे पहले उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और परिवहन मंत्री गोपाल राय के घर के बाहर कूड़ा फेंका।

प्रदर्शनकारियों के एक अन्य समूह ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू के आधिकारिक निवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

आप के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को राजधानी के कई हिस्सों में फैले कूड़े को साफ किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा संचालित तीनों नगर निगमों ने आप पर बकाया वेतन न देने का आरोप लगाया है, जिसके कारण नगर निगमों की वित्तीय हालत बिगड़ गई है।

पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और दक्षिण दिल्ली नगर निगम राजधानी के अधिकांश हिस्सों की सफाई का कार्यभार संभालते हैं और बाकी बचे हिस्से की सफाई का कार्यभार शहर में दो अन्य छोटे निकाय दिल्ली छावनी बोर्ड और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद संभालते हैं।

तीनों नगर निगमों के कर्मचारी 27 जनवरी से हड़ताल पर हैं और वे अपने वेतन और बकाया धनराशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493