दिल्ली में ‘प्रदूषण आपातकाल’ पर मोदी चुप : कांग्रेस

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में खतरनाक हद तक बढ़ते प्रदूषण पर चुप्पी साध रखी है।

कांग्रेस ने कहा कि शहर ‘प्रदूषण आपातकाल’ का सामना कर रहा है और प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं।

मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी इस मुद्दे पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यहां एक-दूसरे पर आरोप मढ़ने का खेल खेला जा रहा है जिसमें दिल्ली की जनता पिस रही है।

मोदी पर निशाना साधते हुए सिंघवी ने कहा कि वह ‘स्वच्छ भारत’ की बात करते रहते हैं और उधर दिल्ली तथा अन्य कई शहरों की वायु गुणवत्ता खराब हो रही है।

सिंघवी ने कहा, “स्वच्छ भारत’ के बारे में बात करने से क्या फायदा जब सबसे बड़ी बात प्रदूषण से निपटना होना चाहिए। प्रधानमंत्री कैसे चुप्पी साधे रह सकते हैं?”

उन्होंने कहा, “जहां तक प्रदूषण का सवाल है, तो इसमें आपातकाल जैसी स्थिति है। दिल्ली दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक है।”

सिंघवी ने कहा कि जब शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं, तब दिल्ली को ‘विश्व की सबसे हरियाली वाली राजधानी’ में रखा गया था।

दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में सोमवार को पहली बार स्मॉग देखा गया। इसमें वायु प्रदूषक तय सीमा से कहीं अधिक थे। वायु गुणवत्ता बेहद खतरनाक या इमरजेंसी की श्रेणी में पहुंच गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493