नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि हत्या को संभवत: घर में घुसे लुटेरों ने अंजाम दिया है।
पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी मनोहर लाल मदन (86) और उनकी पत्नी विमला मदन (80) का शव दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश में स्थित उनके घर में मिला।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “दंपति की हत्या संभवत: गुरुवार देर रात की गई। प्रथम दृष्टया ऐसा जानता पड़ता है कि बदमाशों में उनका गला घोंटा है।”
घर में लूटपाट भी की गई है, इसलिए संभव है कि हत्या लूटपाट करने वालों ने ही की है।
पुलिस ने कहा कि दंपति अपने बड़े बेटे के साथ दिवाली मनाने दिल्ली आए थे, जो घटना के वक्त इमारत की पहली मंजिल पर थे। हंगामा सुनकर वह नीचे आए, जहां उन्होंने अपने माता-पिता को मृत देखा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आर.एस.कृष्णया ने आईएएनएस से कहा, “यह लूटपाट का मामला लगता है, क्योंकि वार्डरोब को तोड़ दिया गया है।”
अधिकारी ने कहा, “घटना को घर में जबरन घुसकर अंजाम दिया गया है। दंपति घर के ग्राउंड फ्लोर पर बने शयनकक्ष में सो रहे थे। हो सकता है कि उनकी हत्या लूटपाट का विरोध करने पर की गई हो।”
परिजनों ने जोर देते हुए कहा कि यह मामला लूट का है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने रुपये या सामान की लूट हुई है।”
dharmpath.com dharmpath