दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर जाम, जलभराव (लीड-1)

नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह भारी बारिश हुई, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव और यातायात जाम की समस्या पैदा हो गई और लोग काफी देर तक सड़कों पर फंसे रहे।

ट्रैफिक हेल्पलाइन के अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि उनके पास पूरी दिल्ली से जाम और जलभराव से संबंधित कई फोन आए।

ट्रैफिक हेल्पलाइन के अधिकारी ने बताया, “सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर यातायात जाम और सड़कों पर वाहन फंसे होने की रिपोर्ट मिल रही है। हमें अभी तक जाम और जलभराव के 100 से अधिक फोन कॉल मिले हैं।”

बारिश के कारण हालांकि दिल्ली में मौसम सुहावना हो गया और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन इसके चलते कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था ठप हो गई। लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए खासी परेशानी हुई।

इंजीनियर भानु श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया, “दिल्ली से नोएडा जाने वाले अधिकांश रास्तों पर पानी भर गया और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।”

उन्होंने कहा, “मैं नोएडा के लिए सुबह नौ बजे के आसपास लक्ष्मी नगर से निकला। मुझे नोएडा सेक्टर 11 स्थित अपने कार्यालय तक पहुंचने में डेढ़ घंटे से अधिक समय लग गया, जबकि वहां पहुंचने में मुझे सामान्यता केवल 30 मिनट लगते हैं।”

कई यात्रियों ने ट्विटर पर यातायात में फंसे होने को लेकर अपनी हताशा साझा की।

नांदिया कोदेसिया ने ट्वीट किया, “सुंदर घनघोर बारिश का नजारा। सड़कों पर फंसे लोगों की हालत की कल्पना की जा सकती है।”

अर्पित गुप्ता ने लिखा, “सुबह दिल्ली में बारिश का आनंद, लेकिन बाद में ट्रैफिक जाम।”

मानषी शुक्ला ने लिखा, “सुबह हुई बारिश से वास्तव में राहत मिली, लेकिन जलभराव और भारी ट्रैफिक के कारण सड़कों पर घंटों फंसे रहने पर गुस्सा। यह परेशान करने वाला है।”

जलभराव के कारण बुरी तरह जाम से प्रभावित होने वाले इलाकों में मोती बाग, वजीराबाद, प्रगति मैदान, आजाद मार्केट, आईआईटी-दिल्ली और मुनिरका, चिराग दिल्ली, पंजाबी बाग, करोल बाग, द्वारका, शास्त्री पार्क, सीलमपुर, गाजीपुर, नजफगढ़, नांगलोई-मुंडका रोड, धौला कुआं फ्लाईओवर, ग्रेटर कैलाश-2 बाजार, डॉ जाकिर हुसैन मार्ग, डीएनडी, आश्रम चौक, रिंग रोड महारानी बाग, लाजपत नगर और सराय काले खां शामिल रहे।

मौसम विभाग ने बताया कि शहर में सुबह 8.30 बजे तक 3.9 मिलीमीटर बारिश हुई।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, “दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे।”

अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493