नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में लंबे इंतजार के बाद मानसून की दस्तक के एक दिन बाद ही मौसम विशेषज्ञों ने यह अनुमान जता कर दिल्लीवासियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है कि राजधानी में केवल थोड़ी बारिश ही होगी और लगातार बारिश की बेहद कम संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “मानूसन आ गया है। सोमवार को दिल्ली में थोड़ी बारिश की संभावना है। हमें अभी जल्द भारी बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही, हालांकि मंगलवार को कुछ देर के लिए अच्छी बारिश हो सकती है।”
मौसम की भविष्यवाणी करने वाली निजी कंपनी ‘स्कायमेट’ के महेश पालावत के मुताबिक, दिल्ली को पिछले पांच सालों में अच्छा मानसून नहीं मिला है।
पालावत ने आईएएनएस से कहा, “सामान्य मानसून, जिसमें लगातार बारिश या कई घंटों तक बूंदा-बांदी होती रहती है, उसका कारण अल्टोस्ट्रेटस या स्ट्रेटस बादलों का बनना होता है, लेकिन दिल्ली में केवल क्यूमुलोनिम्बस बादल बनते हैं, जिसके कारण थोड़ी देर के लिए हल्की बारिश होती है।”
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि हरित क्षेत्र में व्यवधान, दिल्ली और एनसीआर के इर्द-गिर्द शहरीकरण और साथ ही कुल मिलाकर मानसून के पैटर्न में बदलाव के कारण दिल्ली में अब अच्छी बारिश नहीं होती।
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रविवार रात हल्की बारिश हुई और अलग-अलग क्षेत्रों में भी इसमें भिन्नता रही।
रविवार रात दिल्ली के रिज में सर्वाधिक (6.6 मिलीमीटर) बारिश हुई। इसके अलावा आयानगर में 1.9 मिलीमीटर, पूसा में एक मिलीमीटर, पालम में 7.8 मिलीमीटर, सफदरजंग में 45.2 मिलीमीटर और लोधी रोड में 56.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
हालांकि दिल्ली में कम बारिश होने का अनुमान है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में अगले तीन दिनों में अच्छी बारिश का अनुमान है।
dharmpath.com dharmpath