दिल्ली में रियलिटी चेक यात्रा शुरू करेगी भाजपा

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के दो वर्ष पूरा होने पर रियलिटी चेक यात्रा शुरू करने जा रही है।

भाजपा ने गुरुवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी 10 फरवरी से दिल्ली में रियलिटी चेक यात्रा शुरू करेंगे।

वक्तव्य में कहा गया है, “इस रियलिटी चेक यात्रा के दौरान मनोज तिवारी दिल्ली सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यो के दावों की वास्तविकता परखेंगे और जनता के सामने सच्चाई लाएंगे।”

पार्टी का कहना है, “तिवारी के साथ पार्टी के विधायक, सांसद, वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यालय के अधिकारी भी इस यात्रा पर निकलेंगे।”

उल्लेखनीय है कि 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत पाकर आप ने 14 फरवरी, 2015 को दिल्ली में सरकार बनाई। आप को दिल्ली की 70 सीटों में से 67 पर जीत मिली।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद से ही मनोज तिवारी आप सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं, जिसे दिल्ली में आगामी निकाय चुनावों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493