दिल्ली में लोगों तक नहीं पहुंच रही केंद्रीय योजनाओं का लाभ : भाजपा

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने सोमवार को आप सरकार और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वे दिल्ली वासियों तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचने दे रहे।

भाजपा की दिल्ली इकाई के महासचिव कुलजीत सिंह चहल ने कहा, “केंद्र सरकार दिल्ली के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत लगातार दिल्ली सरकार को आर्थिक मदद मुहैया करा रही है। लेकिन केजरीवाल की सरकार दिल्ली वासियों तक उनका लाभ पहुंचने ही नहीं दे रहे।”

उन्होंने कहा कि केजरीवाल लगातार कहते रहते हैं कि केंद्र सरकार उन्हें काम नहीं करने दे रही, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है।

कुलजीत ने कहा, “वास्तव में आप सरकार काम करने में विश्वास ही नहीं करती, बल्कि काम न करने के बहाने खोजती रहती है।”

कुलजीत ने यह भी आरोप लगाया है कि आप सरकार दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण को दो वर्षो से मंजूरी नहीं दे रही।

उन्होंने कहा, “आप सरकार ने सिद्धांतत: तो मेट्रो के चौथे चरण को मंजूरी दे दी है, लेकिन आर्थिक मदद देने में देरी कर रही है, जिसके कारण दिल्ली की जीवन रेखा बन चुकी मेट्रो के अगले चरण की परियोजना दो वर्षो से लटकी हुई है।”

उन्होंने आप सरकार पर केंद्र से स्वच्छता, जल, सीवेज एवं अन्य विकास कार्यो के लिए मिली धनराशि का पूरा उपयोग न कर पाने का आरोप भी लगाया।

भाजपा के एक अन्य नेता उदित राज ने केजरीवाल द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने की आलोचना की और कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को देश के सांविधानिक संस्थानों में कोई विश्वास नहीं है।

उदित राज ने कहा, “ऐसा लगता है कि केजरीवाल सिर्फ उन्हीं संस्थानों को स्वतंत्र मानते हैं जो उनके अराजक विचारों से सहमति रखते हैं और सिर्फ उन्हीं चुनावों पर विश्वास करते हैं जिनमें उन्हें जीत मिलती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493