नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। पिछले वर्ष शुरू किए गए स्टेयर्स स्कूल फुटबॉल लीग (एसएसएफएल) की सफलता के बाद स्टेयर्स ने 16 मई से एसएसएफएल के दूसरे संस्करण के लिए अभ्यास शिविर शुरू कर दिया।
यह अभ्यास शिविर दिल्ली के चार क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य हर क्षेत्र से आठ टीमों का चयन करना है, जिनमें से चार टीमें अंडर-17 और चार टीमें अंडर-14 खिलाड़ियों की होंगी।
स्टेयर्स कुल 12 फुटबॉल ट्रायल कैम्प आयोजित कर रही है। इन्हें पूर्व, दक्षिण, उत्तर-दक्षिण एवं उत्तर इन चार जोन में बांटा गया है। ट्रायल कैम्पस के बाद हर जोन में आखिरी चयन के लिए शिविर का आयोजन होगा।
स्टेयर्स के संस्थापक व महासचिव सिद्धार्थ उपाध्याय ने कहा, “यह शिविर हमारे लिए प्रतिभाओं को हासिल करने का मौका बनेंगे। हम खिलाड़ियों का सावधानी से आकलन करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि उनकी प्रतिभा को 2015 के सबसे बड़े फुटबॉल मुकाबले एसएसएफएल-2 में भाग ले कर पहचान मिले।”
उन्होंने कहा कि एसएसएफएल-2 पहले संस्करण से अधिक जोशोखरोश वाला होगा और यह देश का सबसे बड़ा स्कूल स्तर का टूर्नामेंट होगा जिसमें दिल्ली एनसीआर से 10,000 से भी ज्यादा स्कूली बच्चों के भाग लेने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath