रोम, 19 मई (आईएएनएस)। इटली में फुटबाल पर लाखों डॉलर के एक नए मैच फिक्सिंग का मामला सामने आया है, जिसे कुख्यात माफिया ग्रुप ‘ड्रांगेटा’ की कारस्तानी माना जा रहा है। इस ग्रुप को इटली का सबसे बड़ा माफिया गिरोह माना जाता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने स्थानीय मीडिया का हवाला देते हुए बताया कि इस मैच फिक्सिंग मामले में लीगा प्रो और सेरी डी में खेलने वाली 30 से भी ज्यादा टीमें शामिल हैं। लीगा प्रो और सेरी डी इटली के तीसरे और चौथे दर्जे के घरेलू टूर्नामेंट हैं।
फिक्सिंग के आरोप में करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि 70 से ज्यादा लोग जांच के घेरे में हैं। जांच के घेरे में कई खिलाड़ी, कोच और इनवेस्टर भी शामिल हैं।
नेशनल सॉकर एसोसिएशन ऑफ इटली (एआईएसी) के अध्यक्ष रेंजो यूलिवेरी ने मंगलवार को कहा, “अगर यह स्थिति है तो काफी नाटकीय है। तीसरे और चौथे दर्जे के टूर्नामेंट में खेलने वाली टीमें आर्थिक रूप से ज्यादा मजबूत नहीं होंगी। सब इसे जानते हैं। ऐसे में हमें चैम्पियनशिप के आयोजन में ज्यादा नियंत्रण रखने की जरूरत है।”
दूसरी ओर, मामले की जांच करने वाले अधिकारियों ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इसे सुलझाना बेहद मुश्किल है और ऐसे मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath