नई दिल्ली, 31 दिसंबर (आईएएनएस)। देश की राजधानी में नए साल में देर रात मध्यरात्रि से सुबह पांच बजे के बीच कंपनियां सीएनजी कम दर पर बेचेगी। यह बात गुरुवार को पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कही।
इससे राजधानी में प्रदूषण कम करने में तथा सीएनजी स्टेशनों के बाहर लंबी कतारों को छोटी करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि शहर के गैस वितरक शुक्रवार को इस विषय पर बयान जारी करेंगे।
कतर से नई सुविधाजनक शर्तो पर एलएनजी खरीद समझौते के हस्ताक्षर समारोह के इतर मौके पर मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली पर्यावरण प्रदूषण को लेकर छिड़ी बहस का केंद्र बन गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हमारे पास रोजाना 68 लाख किलोग्रमा गैस वितरण की क्षमता है, जबकि सिर्फ 22 लाख किलोग्राम की ही खपत हो रही है।”
प्रधान ने कहा, “यह तय किया गया है कि एक जनवरी से देर रात में सस्ती दर पर गैस बेची जाएगी, ताकि गैस स्टेशनों पर लंबी कतारों से निजात मिले।”
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने कहा कि कंपनी मध्य रात से सुबह पांच बजे के बीच कम दर पर सीएनजी बेचेगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक नरेंद्र कुमार ने कहा, “यह छूट प्रति किलोग्राम 1.50 रुपये होगी।”
एनसीआर में कंपनी के 181 सीएनजी स्टेशन संचालन में हैं।
आखिरी बार दो अक्टूबर को सीएनजी मूल्य में बदलाव किया गया था। तब कीमत प्रति किलोग्राम 80 पैसे घटाई गई थी।
dharmpath.com dharmpath