नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा, जिससे 30 से अधिक रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन में बादल घिरेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, “दिनभर बादल घिरे रहने की संभावना है। गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।”
अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
उत्तर रेलवे के अनुसार, दिल्ली में तथा इसके आसपास के इलाके में कोहरा छाए रहने के कारण 31 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और एक के समय में बदलाव किया गया है।
सुबह 8.30 बजे दृश्यता 800 मीटर रही और आद्र्रता 97 फीसदी दर्ज की गई।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह 5.30 बजे तक 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
शहर में गुरुवार को बादल घिरे रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath