नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह तेज धूप रही। यहां न्यूनतम तापमान बुधवार से दो डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तापमान और बढ़ने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, “दिनभर आसमान साफ रहेगा। आज शाम और कल सुबह आंधी चलने की संभावना है।”
आईएमडी अधिकारी ने राजधानी में लू चलने की संभावनाओं के मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने को कहा है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विश्लेषकों का अनुमान है कि 22 मई तक लोगों को लू से कोई राहत नहीं मिलने वाली।
आईएमडी के मुताबिक, “22 मई तक लू चलने का अनुमान है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में 23 मई को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।”
आईएमडी के मुताबिक, सुबह 9.30 बजे वायुमंडल में आद्र्रता 55 प्रतिशत दर्ज की गई और दृश्यता 3,000 मीटर रही।
राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि कुछ क्षेत्रों में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके कारण मौसम विभाग ने नारंगी अलर्ट जारी किया।
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath