नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन हल्की धुंध भी रही जिसकी वजह से दृश्यता 200 मीटर रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आईएएनएस को बताया, “सुबह 5.30 बजे सफदरजंग क्षेत्र में दृश्यता 400 मीटर रही, लेकिन 8.30 बजे यह घटकर 200 मीटर रह गई।”
सुबह के समय हवा की गति छह किलोमीटर प्रतिघंटा रही और वातावरण में आद्र्रता 98 फीसदी दर्ज की गई।
आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, आज दिनभर हल्का कोहरा रह सकता है।
सफदरजंग हवाईअड्डे पर कोहरे की वजह से शुक्रवार सुबह दृश्यता 800 मीटर रही, जबकि गुरुवार को यह 400 मीटर ही थी।
राजधानी में दिवाली के बाद से हवा सर्वाधिक दूषित हुई है। पड़ोसी राज्यों में फसलें जलाने से वायु में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ी है।
दिल्ली में एक दिन पहले यानी शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम का सामान्य तापमान था।
dharmpath.com dharmpath