नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। पेरू के एक नागरिक को अपने सामान में 1.3 किलोग्राम कोकीन छिपाकर लाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस कोकीन की कीमत 6.5 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने पूर्व में जब्त कोकीन की कीमत गलती से 65 करोड़ रुपये बताई थी। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र यादव ने बाद में बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस कोकीन की कीमत 65 करोड़ रुपये नहीं, बल्कि 6.5 करोड़ रुपये है।
रवींद्र ने संवाददाताओं को बताया, “जब्त कोकीन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 65 करोड़ रुपये नहीं, बल्कि 6.5 करोड़ रुपये है।”
पेरू निवासी अरमांडो (64) को सोमवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे पर कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया। वह यहां एमिरेट्स की एक उड़ान से ब्राजील स्थित साओ पाउलो से दुबई होते हुए पहुंचा था।
पुलिस ने कहा कि इस मादक पदार्थ को प्लास्टिक की चार परतों में लपेटकर सिल्वर फॉइल में ट्रॉली बैग के छेद में छिपाया गया था, ताकि यह एक्स-रे की पकड़ में ना आए।
dharmpath.com dharmpath