नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को 13 किलोमीटर लंबी अपनी नई मैजेंटा लाइन पर जनकपुरी पश्चिम से आईजीआई हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 डी तक ट्रायल रन की प्रक्रिया शुरू कर दी।
एक बयान के अनुसार, दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने ट्रेन के डिब्बों को पटरी पर चढ़ाना शुरू कर दिया है।
एक सावधानीपूर्वक नियोजित संचालन के जरिए छह डिब्बों वाली ट्रेन के दो डिब्बों को दिल्ली कैंट के सदर बाजार स्टेशन पर रैंप के पास उतार दिया गया।
खास उच्च क्षमता वाले क्रेन और ट्रेलर के जरिए डिब्बों को पटरी पर रखा गया।
बयान में कहा गया है, “इस प्रक्रिया में ट्रेन के डिब्बों या नागरिक संरचना को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए बेहद दक्षता की जरूरत थी। शेष चार डिब्बों को अगले कुछ दिनों में पटरी पर चढ़ा दिया जाएगा।”
कहा गया कि अगली प्रक्रिया के तहत ट्रायल रन शुरू किया जाएगा।
यह खंड जनकपुरी पश्चिम से बोटेनिकल गार्डन तक 38.23 किलोमीटर लंबी मैजेंटा लाइन का हिस्सा है और इस लाइन पर 25 मेट्रो स्टेशन हैं।
मैजंटा लाइन के कालकाजी से बोटेनिकल गार्डन तक खंड पर गत अक्टूबर महीने में ट्रायल रन शुरू हो चुका है।
dharmpath.com dharmpath