दिल्ली-गाजियाबाद और दिल्ली के बीच सफर करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने जिले में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए तीन नए मेट्रो कॉरिडोर को हरी झंडी दे दी है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने दिल्ली के गोकुलपुरी से गाजियाबाद के मोहननगर और वैशाली तक के कॉरिडोर के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है.
रिपोर्ट की मानें तो इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 4500 करोड़ रुपये आंकी गई है. इसमें सबसे अहम हिस्सा 16 किलोमीटर लंबा गोकुलपुरी-वैशाली-मोहननगर कॉरिडोर है, जो दिल्ली और गाजियाबाद के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा. इस रूट पर मोहननगर स्टेशन को इंटरचेंज स्टेशन के रुप में डेवलप करने की संभावना है. मोहननगर के इंटरचेंज बनने से यात्री दिल्ली (रेड लाइन), वैशाली (ब्लू लाइन) और गोकुलपुरी की तरफ आने-जाने वाली मेट्रो बदल सकेंगे. यह बिल्कुल वैसा ही होगा जैसे दिल्ली में राजीव चौक या कश्मीरी गेट स्टेशन हैं.
मेट्रो प्रोजेक्ट से इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैभव खंड और शक्ति खंड जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को सीधा फायदा मिलेगा. इसके अलावा, अब दिल्ली के दूर-दराज के इलाकों से आने वाले लोग मेट्रो के जरिए आसानी से हिंडन एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे. अभी तक हिंडन एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कैब या ऑटो का सहारा लेना पड़ता था, जो काफी महंगा और थका देने वाला होता था.
dharmpath.com dharmpath