नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अलका लांबा और पार्टी के अन्य पांच विधायकों ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा से बहिर्गमन किया। ये सभी विधायक, भाजपा विधायक ओ.पी. शर्मा पर सदन की आचार समिति द्वारा जल्द फैसला लेने की मांग कर रहे हैं।
लांबा ने शर्मा की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अपनी मांग को दोहराया है। लांबा के खिलाफ कथिततौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए शर्मा को दिल्ली विधानसभा के पूरे शीतकालीन सत्र के लिए पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
लांबा ने कहा, “हम समिति से इसी सत्र में न्याय चाहते हैं और इस मुद्दे पर सुनवाई में तेजी चाहते हैं, क्योंकि यह महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित मामला है।”
उन्होंने कहा, “हम तब तक सदन में नहीं लौटेंगे, जब तक कि सरकार हमें आश्वासन नहीं दे देती कि आचार समिति का फैसला इसी सत्र में आएगा।”
लांबा ने भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता द्वारा एक कार्य स्थगन प्रस्ताव पेश करने का विरोध किया।
उन्होंने कहा, “कल (गुरुवार) भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया था कि हमारे विरोध प्रदर्शन के कारण विधानसभा में कामकाज बाधित हुआ है। लेकिन आज बैठक शुरू होने के साथ ही विजेंद्र गुप्ता ने कार्य स्थगन प्रस्ताव पेश किया। अब इसकी क्या जरूरत थी?”
dharmpath.com dharmpath