दिल्ली विवि पाठ्यक्रम में मेरी किताब सम्मान की बात : चेतन भगत (साक्षात्कार)

दुर्गा चक्रवर्ती

दुर्गा चक्रवर्ती

नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर अपनी कहानियों व लेखन को लेकर आलोचना का सामना कर चुके लेखक व फिल्म निर्माता चेतन भगत का कहना है कि दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के अंग्रेजी साहित्य के पाठ्यक्रम में उनकी किताब ‘फाइव प्वाइंट समवन’ को शामिल किया जाना उनके काम को पहचान देता है।

दिल्ली विवि पाठ्यक्रम में चेतन की किताब अब कवयित्री व लेखिका लुईसा एम. एल्कॉट की ‘लिटिल वीमेन’, अगाथा क्रिस्टी की ‘मर्डर ऑन द ओरिएन्ट एक्सप्रेस’ और जे.के. रोलिंग की ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर स्टोन’ के साथ पढ़ाई जाएगी।

इस बारे में चेतन ने मुंबई से ईमेल के जरिए आईएएनएस को बताया, “निश्चित रूप से यह एक बड़ा सम्मान है और मेरे काम को शिक्षा के क्षेत्र में भी पहचान देता है, जिसे तथाकथित आभिजात्य वर्ग लंबे समय से नकारने की कोशिश कर रहे थे।”

‘फाइव प्वाइंट समवन’ तीन दोस्तों की कहानी है, जो इंजीनियरिंग कॉलेज में अपने सामने आने वाले दबाव व एकरसता का सामना करते हैं। इस किताब की कहानी पर बनी फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ बेहद सफल रही थी।

दिल्ली विवि पाठ्यक्रम में अपनी किताब को शामिल किए जाने की खबर को लेकर इस साल की शुरुआत में ट्विटर पर लोगों के निशाने पर आए चेतन ने कहा, “मेरी किताबों पर पहले ही दर्जनों पीएचडी हो चुकी हैं और यह बहुत अच्छी बात है कि डीयू अब मेरी किताब को अपने लोकप्रिय कहानी वर्ग पाठ्यक्रम में शामिल करेगा।”

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी दिल्ली) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री लेने वाले और भारतीय प्रबंधन संस्थान (अहमदाबाद) से एमबीए करने वाले लेखक का कहना है कि सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाना या आलोचना किया जाना उन्हें प्रभावित नहीं करता।

उन्होंने कहा, “यह आपको मौजूद पूर्वाग्रहों और लोगों को नीचा दिखाने की मानसिकता दर्शाता है। यह साथ ही दर्शाता है कि जो लोग साहित्य के विशेषज्ञ होने का दावा करते फिरते हैं, उन्हें साहित्य का मतलब भी नहीं मालूम।”

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “भारत में अगर आप लोकप्रिय कहानी पढ़ा रहे हैं, तो क्या आप सबसे लोकप्रिय किताबों के बारे में बात नहीं करेंगे।”

हालांकि, वह सही आलोचना को सकारात्मक रूप में लेना उचित मानते हैं।

उनका मानना है कि सही आलोचना पर ध्यान देना चाहिए और बाकी आलोचनाओं की ओर ध्यान नहीं देना चाहिए।

उनकी किताब ‘हॉफ गर्लफ्रेंड’ पर बनी अर्जुन कपूर व श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म ‘हॉफ गर्लफ्रेंड’ शनिवार को एंड टीवी पिक्चर्स पर दिखाई जाएगी।

चेतन ने कहा कि एक लेखक के रूप में उनका सपना अपनी कहानी को हर भारतीय तक पहुंचाना था और टीवी पर इसकी स्क्रीनिंग से फिल्म वास्तव में हर घर में पहुंचेगी, जिसे लेकर वह उत्साहित हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493