नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में एक सरकारी स्कूल की 48 वर्षीया शिक्षिका ने और उसकी 18 साल की बेटी ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने कहा कि शिक्षिका की पहचान अनीता और बेटी की पहचान सिया के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनीता नजफगढ़ इलाके में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका थी और अपने परिवार के साथ एक फ्लैट में रहती थी। उनकी बेटी सिया 12वीं कक्षा में पढ़ती थी।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) सुरेंद्र कुमार ने आईएएनएस को बताया, “सुबह 7.35 बजे एक फोन आया, जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंचने पर अनीता और सिया को उनके कमरों में पंखे से लटकते पाया गया।”
कुमार ने कहा, “घर अंदर से बंद था। हमें तीन पृष्ठों का एक सुसाइड नोट भी मिला है।”
अनीता के पति सतपाल यादव भी एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उनका बेटा आदित्य चिकित्सा की पढ़ाई कर रहा है।
कुमार ने कहा, “घटना के दौरान पिता और पुत्र घर पर नहीं थे। दोनों जयपुर में थे।”
dharmpath.com dharmpath