दिल्ली सरकार की सिफारिश, गोपाल अंसल की दया याचिका खारिज हो

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने उपहार सिनेमा अग्निकांड के दोषी गोपाल अंसल की राष्ट्रपति के समक्ष दया याचिका को खारिज करने की मंगलवार को संस्तुति की।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नागेंद्र शर्मा ने ट्वीट किया, “उपहार सिनेमा कांड के पीड़ितों के परिजनों से मिले प्रतिवेदन के बाद दिल्ली के गृहमंत्री सत्येंद्र जैन ने गोपाल अंसल की दया याचिका खारिज कर दी।”

पीड़ित परिजनों ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और उनसे गोपाल अंसल की दया याचिका पर विचार न करने का अनुरोध किया, जिसे गृह मंत्रालय ने संस्तुति के लिए उपराज्यपाल तथा दिल्ली सरकार के पास भेजा है।

एसोसिएशन ऑफ विक्टिम ऑफ उपहार ट्रैजेडी (एवीयूटी) की अध्यक्ष नीलम कृष्णमूर्ति ने दिल्ली सरकार की प्रशंसा की और शर्मा के ट्वीट का हवाला देते हुए ट्वीट किया, “यह दर्शाता है कि दिल्ली सरकार लोगों की सुरक्षा के प्रति चिंतित है।”

सर्वोच्च न्यायालय ने नौ फरवरी को उपहार सिनेमा के मालिक गोपाल अंसल को सन् 1997 के उपहार सिनेमा अग्निकांड के मामले में एक साल जेल की सजा सुनाई है। ‘बॉर्डर’ फिल्म के प्रदर्शन के दौरान हुए हादसे में 59 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

न्यायालय के आदेश के बाद गोपाल अंसल ने राष्ट्रपति के समक्ष दया याचिका दाखिल की, जिसे गृह मंत्रालय को भेजा गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493