नई दिल्ली-कार से सफर करने वाले यात्रियों को बहुत जल्द एक बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है. दरअसल, भारत के लोगों को 3 नए हाईवे की सौगात मिलने जा रही है इनमें – दिल्ली से देहरादून हाईवे, दिल्ली से कटरा हाईवे और दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे शामिल है. इन हाईवे के शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा पहले से ज्यादा सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगी. खासकर दिल्ली से अलग-अलग राज्यों में जाने वाले यात्रियों को बहुत फायदा मिलेगा.
दिल्ली से देहरादून तक बनने वाला हाईवे लगभग पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है. जानकारी के मुताबिक, मार्च 2026 में इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. हाईवे शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून पहुंचने में अब 6 से 7 घंटे नहीं बल्कि सिर्फ 2.5 घंटे का समय लगेगा. यह हाईवे करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें भारत का सबसे लंबा 12 किलोमीटर का एलिवेटेड रोड बनाया गया है, जो राजाजी पार्क के ऊपर से निकलेगा.
परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि यह हाईवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा. इसका मतलब हुआ कि यूपी और उत्तराखंड के कई इलाकों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इस हाईवे के बनने से रास्ते में लगने वाला ट्रैफिक और जाम काफी हद तक कम होगा. यह हाईवे पर्यटन और व्यापार दोनों के लिहाज से काफी फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि देहरादून और आसपास के हिल स्टेशनों की यात्रा भी अब आसान हो जाएगी.
dharmpath.com dharmpath