दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दुर्घटना में चार भारोत्तोलकों की मौत

चंडीगढ़, 7 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली-हरियाणासीमा के पास रविवार को एक कार दुर्घटना में राष्ट्रीय स्तर के चार भारोत्तोलकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक विश्व चैंपियन भी शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंघु सीमा के नजदीक दिल्ली के अलीपुर गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुई।

पीड़ित दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग -1 पर एक स्विफ्ट डिजायर कार में यात्रा कर रहे थे।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में चार भारोत्तोलकों की मौत हो गई। वहीं, देश के लिए 2017 में भारोत्तोलन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सक्षम यादव और एक अन्य भारोत्तोलक गंभीर रूप से घायल हो गए।

यादव और अन्य घायल भारोत्तोलक को इलाज के लिए तत्काल नई दिल्ली के शालीमार बाग में स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया।

आधिकारी के अनुसार, कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर एक बिजली के खंभे से भिड़ गई।

दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि उसके कारण कार की छत तक उड़ गई।

अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में घने कोहरे के बावजूद चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था।

भारोत्तोलक पानीपत से दिल्ली की तरफ जा रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493