दिल्ली हाफ मैराथन में खिताबी जीत से खुश नहीं हैं किपचोगे

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में रविवार को आयोजित एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन केन्या के एलिउड किपचोगे ने पुरुष वर्ग का खिताब जीत लिया।

किपचोगे ने रेस के बाद कहा कि खिताब जीतने के बावजूद वह अपने निजी प्रदर्शन से खुश नहीं हैं।

किपचोगे ने 59 मिनट 44 सेकेंड का समय निकालते हुए हाफ मैराथन का खिताब जीता। इथियोपिया के यिगरेम देमेलाश (59.48) को रजत और ऑगस्टिन चोगे (1:00.01) को कांस्य पदक मिला।

किपचोगे ने आईएएनएस को बताया, “मैं निजी तौर पर और बेहतर करना चाहता था लेकिन आज (रविवार) इसमें असफल रहा। पर मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं।”

केन्या के स्टार मैराथन धावक ने कहा, “मैं यहां अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन करना चाहता था। लेकिन मैं आज इसमें असफल रहा। रेस मार्ग बढ़िया था और सुबह का मौसम भी रेस के अनुकूल था।”

किपचोगे ने कहा, “मेरा प्राथमिक उद्देश्य 60 मिनट से कम समय में रेस पूरी करना था। मैं इसमें सफल रहा। यिगरेम लगभग पूरी रेस के दौरान मेरे साथ-साथ रहे, जिससे मुझे अपनी गति कायम रखने में मदद मिली।”

दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर से एथलीटों के प्रदर्शन पर पड़ने वाले फर्क के बारे में किपचोगे ने कहा कि प्रदूषण का मुद्दा कभी भी समस्या नहीं रहा।

किपचोगे ने कहा, “प्रदूषण के कारण हमें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मैं लाखों भारतीयों को दौड़ने और साथ ही इस प्रदूषण के बावजूद एक अच्छी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहता हूं।”

उन्होंने कहा, “हर दिन दौड़ने का मतलब है रोज एक फल का सेवन करना। इससे कई बीमारियां आपसे दूर रहती हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493