नई दिल्ली-10 सितंबर को देशभर में मौसम ने करवट ली है और कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 24 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है. मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और अलग-अलग जगहों पर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रहा है.
राजधानी दिल्ली में आज आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है. तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रह सकता है, जिससे उमस में राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, तेज हवाओं और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आज मौसम खराब रह सकता है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, वाराणसी और कानपुर जैसे शहरों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है. इसी तरह बिहार के कई हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया गया है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर सकता है.
dharmpath.com dharmpath