न्यूयॉर्क, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। फिलीपींस के राष्ट्रपति रॉड्रिगो दुतेर्ते ने टाइम 100 सर्वेक्षण 2017 जीत लिया है। वह इस सर्वेक्षण में लगातार आगे बने रहे। पत्रिका ने यह जानकारी दी।
पत्रिका के मुताबिक, सर्वेक्षण में पाठकों से पूछा गया था कि इस साल के विश्व के 100 सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में किन शख्सियतों को शुमार करना चाहिए?
दुर्तेते को पांच प्रतिशत मत मिला।
मीडिया रपटों में कहा गया है कि पिछले साल जून में सत्तारूढ़ होने के बाद से दुतेर्ते ने मादक पदार्थो के खिलाफ आक्रामक युद्ध छेड़ रखा है, जिसमें फिलीपींस के 8,000 लोगों की मौत हो चुकी है।
दुतेर्ते के विवादास्पद मादक पदार्थ-रोधी अभियान की बड़े पैमाने पर मानव अधिकार समूहों और फिलीपींस के उपराष्ट्रपति लेनी रोब्रेडो सहित कुछ राजनेताओं ने आलोचना की है।
टाइम के सर्वेक्षण में शीर्ष पर काबिज होने की दौड़ में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन टड्र्यू, पोप फ्रांसिस, बिल गेट्स और मार्क जुकरबर्ग भी शामिल थे, इन मशहूर हस्तियों को तीन प्रतिशत ‘हां’ में वोट मिले।
इससे पहले अमेरिकी राजनेता बर्नी सैंडर्स (2016) और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (2015) यह सर्वेक्षण जीत चुके हैं।
टाइम के संपादक मंडल द्वारा चयनित टाइम की 100 प्रभावशाली लोगों की आधिकारिक सूची की घोषणा 20 अप्रैल को की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath