दुल्हा नहीं झुका तो दुल्हन ने तोड़ी शादी

गाजियाबाद, 14 मार्च (आईएएनएस)। वरमाला पहनने के लिए दुल्हन के आगे झुकना कितना जरूरी है, इसे समझने में एक दूल्हे को कुछ ज्यादा ही देर हो गई, क्योंकि दुल्हन ने तब तक उससे अपनी शादी तोड़ने का फैसला कर लिया।

शुक्रवार की रात गाजियाबाद में एक विवाह के दौरान चुहलबाजी में दूल्हे को दुल्हन की पहुंच से कुछ ज्यादा ही ऊपर उठा दिया गया। इसके चलते शादी ही टूट गई और दूल्हे के परिवार वालों को विवाह समारोह पर खर्च हुए पांच लाख रुपये भी देने पड़े।

विवाह संबंध जुड़ने से पहले दोनों युवक एवं युवती पुणे में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करने के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए। युवती गाजियाबाद की रहने वाली है, जबकि युवक का परिवार पुणे में रहता है।

शुक्रवार को वरमाला के दौरान दोस्तों ने दूल्हे को कुछ ज्यादा ही ऊपर उठा लिया जिसके चलते दुल्हन वरमाला नहीं पहना सकी। दुल्हन ने तीन बार दूल्हे को माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद उसने विवाह करने से ही इनकार कर दिया।

इसके बाद वर एवं बधू पक्ष के बीच झड़प हो गई जिसके चलते पुलिस को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। दूल्हे के परिवार ने दुल्हन के परिवार को विवाह समारोह पर खर्च हुए रुपये अदा किए।

पुलिस अधिकारी उपेंद्र यादव ने बताया, “मामला हमारे पास आया लेकिन दोनों पक्षों ने पुलिस थाने में ही आपसी सहमति से इसे सुलझा लिया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493