दुष्कर्म के आरोपी त्रिपुरा के अधिकारी पुलिस हिरासत में भेजे गए

अगरतला, 13 जुलाई (आईएएनएस)। त्रिपुरा की एक स्थानीय अदालत ने दुष्कर्म के आरोपी एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी को बुधवार को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उन्हें असम के करीमगंज में एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।

पश्चिम त्रिपुरा जिले के पुलिस प्रमुख अभिजीत सप्तर्षि ने आईएएनएस से कहा, “त्रिपुरा सिविल सेवा के अधिकारी पन्ना अहमद (44) को मंगलवार को करीमगंज के एक घर से गिरफ्तार किया गया, जिन्हें एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।”

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना के बारे में उनसे पूछताछ करेंगे, साथ ही पुलिस उन दो स्थानीय लोगों की भी तलाश कर रही है, जिन्होंने असम भागने में अहमद की मदद की।

त्रिपुरा सरकार ने अधिकारी को निलंबित कर दिया है। वे सिपाहीझाला जिले में एक अनुमंडल में अनुमंडलाधिकारी थे।

सप्तर्षि ने कहा, “राज्य सरकार ने अहमद का पता लगाने के लिए हाल में केंद्रीय गृह मंत्रालय से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का आग्रह किया था।”

विपक्षी कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा तृणमूल कांग्रेस त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार के सरकारी आवास व अन्य जगहों पर बीते 27 जून से रोजाना प्रदर्शन कर रही है।

सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव बिजन धर ने संवाददाताओं से कहा है कि अगर अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

त्रिपुरा के एक सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “जिलाधिकारी तथा पुलिस से रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने अहमद को निलंबित करने का आदेश दिया।”

पश्चिम त्रिपुरा के जिलाधिकारी व पुलिस मामले की अलग-अलग जांच कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493