दुष्कर्म के आरोपी पर अस्पताल में हमला

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुष्कर्म की शिकार ढाई साल की मासूम के रिश्तेदारों ने रविवार को एक अस्पताल में दुष्कर्म के एक आरोपी पर हमला कर दिया। घटना के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।

दुष्कर्म के मामले में दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इनमें से एक को चिकित्सा परीक्षण के लिए रविवार अपराह्न् संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। यहीं पर पीड़ित बच्ची भी भर्ती है।

अधिकारी ने कहा, “आरोपी को कोई चोट नहीं लगी है। वह बिल्कुल ठीक है।”

पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, “हम एक सभ्य समाज में रहते हैं। अपने गुस्से पर नियंत्रण रखना चाहिए। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।”

बस्सी ने ‘दुष्कर्म मामलों का राजनीतिकरण करने के लिए’ राजनैतिक दलों की आलोचना की। उन्होंने कहा, “राजनैतिक दल हमेशा की तरह राजनीति कर रहे हैं। दिल्ली में कोई जंगल राज नहीं है। हम गृह मंत्रालय के प्रति जवाबदेह हैं।”

माना जा रहा है कि बस्सी ने केजरीवाल की इस बात का जवाब दिया है कि दिल्ली पुलिस निष्प्रभावी हो गई है और इसे दिल्ली सरकार की कमान में सौंप दिया जाना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493